Saturday, February 13, 2016

'' कौन आता है '' नामक नवगीत , कवि स्व. श्री श्रीकृष्ण शर्मा के नवगीत संग्रह - '' एक अक्षर और '' से लिया गया है -









कौन आता है , टिटहरी बोल ?

दूर तक आदम न आदमज़ात 
है पगवाट एकाकी ,
अहल्या सी पड़ी अकुलीन। 
          लाड़ली बरसात की 
          यह धार जोहड़ की 
           मुट्ठियों में रेत बंध कर 
           हुई क्षय - ग्रस्त - उद्गमहीन। 
इन अकेली और बीहड़ चुप्पियों की 
हर सतह पर हर गिरह को खोल 
कौन आता है , टिटहरी बोल ?

अड़ गयी हों कण्ठ में जैसे - शिलाएँ ,
बाँसवन में है हवा चुप 
और वंशी मूक। 
           ओह , इस खूँखार आदमखोर वहशी 
           मौन के धँसते हुए ये दाँत पैने ,
           तोड़ कर दो टूक। 
कौन इस आपात में तेरे सिवा है ,
जो गुँजाये साँस का यह खोल ?

कौन आता है , टिटहरी बोल ?


                        - श्रीकृष्ण शर्मा 

____________________
पुस्तक - '' एक अक्षर और ''  ,  पृष्ठ - 19

sksharmakavitaye.blogspot.in
shrikrishnasharma.wordpress.com

सुनील कुमार शर्मा 
पी . जी . टी . ( इतिहास ) 
पुत्र –  स्व. श्री श्रीकृष्ण शर्मा ,
जवाहर नवोदय विद्यालय ,
पचपहाड़ , जिला – झालावाड़ , राजस्थान .
पिन कोड – 326512
फोन नम्बर - 9414771867

No comments:

Post a Comment