Friday, March 11, 2016

'' अक्षरों पर बन्दिशें हैं '' नामक नवगीत , कवि स्व. श्री श्रीकृष्ण शर्मा के नवगीत संग्रह - '' अँधेरा बढ़ रहा है '' से लिया गया है -










अक्षरों पर बन्दिशें हैं
----------------------

       अक्षरों पर बन्दिशें हैं ,
       शब्द पर पहरे ,
       गीत अब किस ठौर ठहरे ?

चुप्पियों का 
एक जंगल है ,
लग रहा 
सब कुछ अमंगल है ,
       सुन न पड़ता कुछ ,
       आवाजें कहीं जाकर 
       गड़ गयीं गहरे। 
       गीत अब किस ठौर ठहरे ?

घुट रही है 
कण्ठ में वाणी ,
किन्तु फूटेगी 
किसी ज्वालामुखी - सी 
पीर कल्याणी ,
       तब न जन के रहेंगे 
       यों दर्द में डूबे हुए 
       ये ज़र्द औ ' ख़ामोश चेहरे। 
       गीत अब किस ठौर ठहरे ?

अक्षरों पर बन्दिशें हैं ,
शब्द पर पहरे। 


                    - श्रीकृष्ण शर्मा 

( कृपया इसे पढ़ कर अपने विचार अवश्य लिखें | आपके विचारों का स्वागत है| धन्यवाद | )
____________________
पुस्तक - '' अँधेरा बढ़ रहा है ''  ,  पृष्ठ - 66 , 67

sksharmakavitaye.blogspot.in
shrikrishnasharma.wordpress.com

सुनील कुमार शर्मा 
पी . जी . टी . ( इतिहास ) 
पुत्र –  स्व. श्री श्रीकृष्ण शर्मा ,
जवाहर नवोदय विद्यालय ,
पचपहाड़ , जिला – झालावाड़ , राजस्थान .
पिन कोड – 326512
फोन नम्बर - 9414771867



4 comments:

  1. धन्यवाद मयंक जी एवं रश्मि जी कि आपको ये रचना पसंद आई |

    ReplyDelete
  2. धन्यवाद मनीष जी |

    ReplyDelete