Sunday, March 6, 2016

'' साँसों को कब तक बहलाएँ '' नामक नवगीत , स्व. श्री श्रीकृष्ण शर्मा के नवगीत संग्रह - '' एक अक्षर और '' से लिया गया है -










'' साँसों को कब तक बहलाएँ ''
--------------------------------

आँगन की मुठ्ठी भर धूप गयी ,
सीला मन कैसे गरमायें हम ?

         दिन ने घी - सेंदुर के साँतिये बनाये थे 
         औ ' भींतों छापे थे हल्दी के थापे ,
         आश्वासन के वे रंगीन और चमकीले 
         चेहरे भी आ काली आँधी ने ढाँपे ,
सईं - साँझ सन्नाटा पसर गया ,
किस पर इस दृस्टि को टिकायें हम ?

         थाली - सी बजने की सिर्फ़ गूँज सुन पड़ती ,
         महराती आवाजें साँपिन की खायीं ,
         बैठे हैं सपनों को घेरे कुछ भाग्यहीन ,
         पर अलाव की गीली लकड़ी तक कड़ुवायी ,
गाँठ - गाँठ चिलकन से टूट रही ,
गठिया में कैसे अँगड़ाये हम ?

         सूर्य मरा , बैठी है रात किसी विधवा - सी ,
         मातमपुरसी करते कुत्ते भी रोते हैं ,
         कुहरे की पर्तों - पर्तों में से होकर 
         लाश ज़िन्दग़ी की सब सुबह तलक ढोते हैं ,
असुरक्षित औ ' त्रासद भरकों में ,
साँसों को कब तक बहलायें हम ?  


                       - श्रीकृष्ण शर्मा 

( कृपया इसे पढ़ कर अपने विचार अवश्य लिखें | आपके विचारों का स्वागत है| धन्यवाद | )
______________________________
पुस्तक - '' एक अक्षर और ''  ,  पृष्ठ - 51

sksharmakavitaye.blogspot.in
shrikrishnasharma.wordpress.com

सुनील कुमार शर्मा 
पी . जी . टी . ( इतिहास ) 
पुत्र –  स्व. श्री श्रीकृष्ण शर्मा ,
जवाहर नवोदय विद्यालय ,
पचपहाड़ , जिला – झालावाड़ , राजस्थान .
पिन कोड – 326512
फोन नम्बर - 9414771867

No comments:

Post a Comment